Samachar Nama
×

100 दिन तो सिर्फ शुरुआत है, कर्नाटक के विकास की यात्रा अभी शुरू हुई : सीएम शिवकुमार

100 दिन तो सिर्फ शुरुआत है, कर्नाटक के विकास की यात्रा अभी शुरू हुई : सीएम शिवकुमार
100 दिन तो सिर्फ शुरुआत है, कर्नाटक के विकास की यात्रा अभी शुरू हुई : सीएम शिवकुमार

बेंगलुरु, 10 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर 100 दिन पूरे होना सिर्फ उनकी सरकार की यात्रा की शुरुआत है। सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और राज्य के समग्र विकास में तेजी लाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री बनने के 100 दिन पूरे होने पर जारी बयान में सीएम शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और कर्नाटक के विकास को तेज करने के दृढ़ संकल्प के साथ काम किया है।

सीएम शिवकुमार ने कहा, "100 दिन, तो सिर्फ शुरुआत है।" उन्होंने आने वाले दिनों के लिए सरकार का विजन भी बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस विकास, रोजगार, तकनीक, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, कृषि और लोगों के जीवन स्तर में सुधार को प्राथमिकता देकर कर्नाटक को और ऊंचाइयों पर ले जाना होगा।

उन्होंने लोगों से राज्य के विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया और कहा, "आइए हम सब मिलकर उस दिशा में आगे बढ़ें।"

जनसमर्थन के महत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ताकत लोगों के भरोसे में है और उनकी आकांक्षाएं ही सरकार के प्रयासों का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उन्होंने कहा, "लोगों का भरोसा हमारी ताकत है। लोगों की आकांक्षाएं हमारा रास्ता हैं। कर्नाटक की प्रगति हमारा लक्ष्य है।"

उन्होंने कहा कि सरकार एक मजबूत कर्नाटक बनाने और सभी क्षेत्रों में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी रखेगी। 100 दिन पूरे होने पर कर्नाटक सरकार ने 'एक मजबूत कर्नाटक के लिए संकल्प' और 'शत पथ - प्रगति पथ' कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) सदस्य सिद्दारमैया करेंगे। राज्य भर के कई प्रमुख नेता इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story