Samachar Nama
×

बांग्लादेश में 19 दिनों में 100 बम धमाके, पुलिस पर हमलों से बढ़ी चिंता

बांग्लादेश में 19 दिनों में 100 बम धमाके, पुलिस पर हमलों से बढ़ी चिंता
बांग्लादेश में 19 दिनों में 100 बम धमाके, पुलिस पर हमलों से बढ़ी चिंता

ढाका, 28 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में 7 से 25 नवंबर के बीच कम से कम 100 देसी बम धमाकों और बड़े पैमाने पर आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। इस दौरान 92 वाहनों को निशाना बनाया गया। स्थानीय मीडिया की शनिवार को प्रकाशित रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान चार पुलिस प्रतिष्ठानों पर भी आगजनी और तोड़फोड़ के हमले किए गए। इन घटनाओं ने देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

प्रमुख बांग्लादेशी अखबार 'ढाका ट्रिब्यून' ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि इस अवधि में 28 वाहनों को आग लगा दी गई या उनमें तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा, तीन संस्थानों में देसी बम विस्फोट किए गए और एक वाहन भी धमाके में क्षतिग्रस्त हुआ।

पुलिस ने अब तक इन घटनाओं से जुड़े 46 मामले दर्ज किए हैं और 80 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए देश के विभिन्न इलाकों में जांच और अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (मीडिया और जनसंपर्क) कमरुन मुनिरा ने कहा कि तोड़फोड़ और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा, "तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।"

मुनि‍रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने एक समन्वित सुरक्षा योजना तैयार की है। इसके तहत पहले से खुफिया जानकारी जुटाना, महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाना, गश्त तेज करना, जरूरत पड़ने पर चेकपोस्ट लगाना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

मुनि‍रा के मुताबिक, पुलिस उन प्रतिबंधित संगठनों और राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रख रही है, जिन पर पाबंदी लगाई गई है, ताकि वे किसी तरह की हिंसा, तोड़फोड़ या सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियां न कर सकें।

'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। लोगों की जान-माल को नुकसान पहुंचाने, आगजनी, तोड़फोड़ और दहशत फैलाने की कोशिशों को रोकने के लिए कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस बीच बुधवार को प्रकाशित एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया था कि इस साल बांग्लादेश में पुलिस पर हुए 484 से ज्यादा हमलों में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि 370 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि देश लगातार बढ़ती हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति से जूझ रहा है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, "पुलिसकर्मी अपराधियों को गिरफ्तार करने के दौरान मारे जा रहे हैं। हथकड़ी लगे आरोपियों को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाया जा रहा है, गश्ती दलों पर हमले हो रहे हैं, सरकारी हथियार लूटे जा रहे हैं और पुलिस थानों में आग लगाई जा रही है।"

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story

Tags