शिमला: अप्रैल में तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, टूटा 46 वर्ष का रिकॉर्ड
शिमला, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि शिमला में अप्रैल का तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे 46 साल का रिकॉर्ड टूट गया। भारी बारिश और बर्फबारी के कारण दिन का तापमान असामान्य रूप से कम रहा।
उन्होंने बताया कि लगातार बारिश होने की वजह से सभी स्थानों पर दिन के तापमान में 10-12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट है। शिमला में गुरुवार को दिन का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला था। लगभग 11-12 वर्षों बाद अप्रैल के महीने में इतना काम तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2015 में इसी के आसपास तापमान दर्ज हुआ था। शिमला में कल रात 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान था। 46 वर्ष पहले अप्रैल के महीने में रात में इतना कम तापमान देखने को मिला था।
शोभित कटियार ने बताया कि अप्रैल के महीने में पूरे हिमाचल प्रदेश में 142 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। एक मार्च से अभी तक की बात की जाए तो 9 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई। आंधी आने की संभावना है। आने वाले पांच से सात दिनों में बारिश में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने कहा कि अप्रैल महीने में हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होना सामान्य है। शिमला के खंडराला स्टेशन की बात करें तो अप्रैल में इस साल भी बर्फबारी देखने को मिली है। बीते तीन-चार वर्षों से इस महीने में बर्फबारी देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले 10 दिनों में मैदानी इलाकों में कोई भी मौसम गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी। पहाड़ी इलाकों में 11-12 अप्रैल को हल्की बर्फबारी हो सकती है। 16, 17, और 18 अप्रैल को हल्की बारिश होने की संभावना है।
शोभित कटियार ने कहा कि तीन से चार दिनों में पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश की ओर आते हुए दिखा है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

