Samachar Nama
×

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस जाएगी, प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आएगी: जयराम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस जाएगी, प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आएगी: जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस जाएगी, प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आएगी: जयराम ठाकुर

शिमला, 26 सितंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है और अगली सरकार भाजपा की बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है और पार्टी आगामी चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

शिमला में जयराम ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत में हाल में हुए पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इन चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में समर्थन दिया है। पंचायत चुनावों के परिणाम और जमीनी स्तर पर मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर तंज कसते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने कई बार राहुल गांधी को लॉन्च किया, लेकिन हर बार असफलता ही मिली है और इससे पार्टी में निराशा का माहौल है।

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के एक कार्यकर्ता द्वारा चुनाव आयोग के कार्यालय को जलाने की बात किए जाने की खबर सामने आई है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और इसी आयोग के द्वारा चुनाव कराए जाने के बाद कांग्रेस की सरकार शिमला में बनी।

उन्होंने संवैधानिक संस्था के पुतले जलाए जाने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार सत्ता से बाहर होती दिखाई दे रही है और इसी वजह से पार्टी में निराशा है। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। सरकार का कार्यकाल अब समाप्ति की ओर है।

एथलीट सावन बरवाल को बधाई देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि मंडी जिला के जोगिंद्रनगर से संबंध रखने वाले भारतीय सेना के एथलीट सावन बरवाल को एशियाई खेलों की मैराथन में भारत के 44 वर्षों के पदक इंतजार को समाप्त करते हुए ऐतिहासिक रजत पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। पुरुषों की मैराथन में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने अदम्य साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है, जो हमारी सशस्त्र सेनाओं की पहचान है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story