Samachar Nama
×

हिमाचल में सोलन की अवैध फैक्ट्री पर एफएसडीए-एसटीएफ का छापा

हिमाचल में सोलन की अवैध फैक्ट्री पर एफएसडीए-एसटीएफ का छापा
हिमाचल में सोलन की अवैध फैक्ट्री पर एफएसडीए-एसटीएफ का छापा

लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में निरीक्षण के दौरान नकली दवाएं मिलने के बाद इनके निर्माण के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई थी।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशन में की गई जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश एफएसडीए की विशेष टीम और यूपीएसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक अवैध दवा फैक्ट्री पर संयुक्त छापा मारा। यह फैक्ट्री राजपुरा, खेड़ा बाईपास, नालागढ़ में चल रही थी। जांच के दौरान यहां नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर महंगी और अधिक बिक्री वाली दवाओं का अवैध निर्माण किया जा रहा था। इनमें एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से संबंधित दवाएं शामिल थीं।

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में ब्लिस्टर और एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीनें, कैप्सूल भरने की मशीनें, वजन मापने वाले उपकरण, प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण मिले। इन संसाधनों के जरिए दवाओं को नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग में तैयार किया जा रहा था। इससे पहले वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामद की गई थीं। इनमें पीएएन-डी, प्रेसिज-300, न्यूरो-300, प्रेगाबालिन सी-एजेड, सेफिक्सिम-एजिथ्रोमाइसिन और ए-सीपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन एवं पोटैशियम क्लैवुलैनेट) जैसी दवाएं शामिल थीं।

वाराणसी में बरामद नकली दवाओं के निर्माण स्रोत की जांच करते हुए हिमाचल प्रदेश तक पहुंचना इस अवैध कारोबार के अंतरराज्यीय नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है। मामले में संबंधित लोगों और दवाओं की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है। यूपीएफएसडीए की इस कार्रवाई का उद्देश्य नकली दवाओं के निर्माण और आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाना तथा आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags