हिमाचल में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर विक्रमादित्य सिंह बोले, पार्टी हाईकमान का निर्णय सर्वमान्य
शिमला, 1 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नेतृत्व से जुड़ा कोई भी निर्णय हमारी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही विचार-विमर्श के बाद लेता है।
शिमला में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हर राज्य की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। यहां पार्टी का जो भी फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा, वह हमारे लिए सर्वमान्य होगा।
उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता यह चर्चा कहां से शुरू हुई। इसलिए इस विषय पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। पार्टी का जो भी निर्णय होगा, हम उसी के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने नगर निगम चुनाव परिणामों पर कहा कि पालमपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा, लेकिन सोलन, मंडी और धर्मशाला में पार्टी को जिस प्रकार का प्रदर्शन करना चाहिए था, उसमें कुछ कमियां रह गईं।
उन्होंने स्वीकार किया कि इसमें कोई दो राय नहीं है। इन परिणामों पर मंथन किया जाएगा कि ऐसे नतीजे क्यों आए और भविष्य में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिणाम जो भी हों, हमें सभी को साथ लेकर चलना है। हमारे लिए हर शहर बराबर है। हम मिलकर काम करेंगे।
पंचायती चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता वोट देते समय सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि नेताओं के धरातल पर जनता से संबंधों को भी काफी महत्व देती है। उन्होंने सभी विजयी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और जनता के जनादेश को स्वीकार करने की बात कही।
पंचायती राज और जिला परिषद चुनावों के नतीजों पर हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मैं लोगों को उनके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देता हूं और उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि उनके समर्थन की वजह से ही कांग्रेस पार्टी को इतनी शानदार जीत मिली है। मैं इस जनादेश के लिए लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मैं अपने समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद करना चाहूंगा, जिन्होंने दिन-रात बिना थके काम किया। यह नतीजा उनकी कड़ी मेहनत का ही फल है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

