Samachar Nama
×

हिमाचल के ऊना से कोलकाता तक सीधी ट्रेन शुरू, सांसद अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी

शिमला, 6 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश को शनिवार को रेल संपर्क के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। हिमाचल के ऊना जिले के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के कोलकाता तक सीधी रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12325/12326) के विस्तारित फेरे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस नई रेल सेवा से हिमाचल प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पूर्वी भारत की यात्रा के लिए बेहतर और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा। साथ ही धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेलवे अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को मिली एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने बताया कि ऊना प्रदेश का एकमात्र जिला है जो पूर्ण रूप से ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और पिछले वर्षों में केंद्र सरकार के प्रयासों से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का विस्तार यहां तक किया गया है, जिससे प्रदेशवासियों और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे अंब अंदौरा से रवाना होगी और करीब 31 घंटे 50 मिनट में कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार सुबह 7:40 बजे कोलकाता से चलेगी और शुक्रवार शाम 4:55 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी। यह ट्रेन आसनसोल, पटना जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में अंबाला और चंडीगढ़ तक चलने वाली कई ट्रेनों को ऊना से संचालित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिककरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। कांग्रेस नेता नीरज भारती द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को पहले भाजपा की राजनीतिक बयानबाजी बताया जाता था, अब उन्हीं मुद्दों पर कांग्रेस के अपने नेता और पदाधिकारी भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की सभी सीमाएं पार कर चुकी है तथा जनता सरकार की कार्यशैली से निराश है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags