हिजाब विवाद : सीएम नीतीश कुमार पर भड़के सांसद सुधाकर सिंह, बोले- मानसिक रूप से अस्थिर
नई दिल्ली, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। इस मामले में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता दुनिया भर में सबसे बड़ी ताकत रही है और इतिहास में लड़ी गई ज्यादातर बड़ी लड़ाइयां राजनीतिक आजादी की बजाय धार्मिक स्वतंत्रता के लिए ही रही हैं।
उनका कहना है कि अगर धार्मिक स्वतंत्रता नहीं है, तो राजनीतिक स्वतंत्रता का कोई मतलब नहीं। सुधाकर सिंह ने महिला की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उसने सरकारी नौकरी ठुकराई, क्योंकि किसी भी महिला और समाज के लिए उसका आत्मसम्मान और धार्मिक मान्यताएं सबसे ऊपर होती हैं।
उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें उसके बलिदान को सलाम करना चाहिए। सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की हरकतों को मानसिक रूप से अस्थिर बताया और कहा कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि यह पहली बार नहीं है जब राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। पहले भी विधानसभा के अंदर और बाहर कई बार ऐसा हो चुका है। उनका कहना है कि सत्ता के लोभ में भाजपा नीतीश कुमार जैसे लोगों को ढोने को तैयार है और यह सिर्फ सत्ता की भूख है, इसके अलावा कुछ नहीं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान कि "अगर सरकारी नौकरी करनी है तो चेहरा दिखाना पड़ेगा" पर भी सुधाकर सिंह ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद जीवन में एक नौकरी नहीं दी है। इनका काम सिर्फ धर्म विरोधी बयान देना है और अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो कोई उन्हें जान भी नहीं पाएगा।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संवाद हॉल में 1,283 आयुष डॉक्टरों (आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी) को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक महिला डॉक्टर के हिजाब को खिंच कर नीचे कर दिया, जिसके बाद से विवाद खड़ा हो गया है। वहीं, महिला डॉक्टर ने अस्थायी रूप से बिहार छोड़ दिया है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम

