Samachar Nama
×

दाऊद के मुंबई वाले घर को मस्जिद बताने पर हाईकोर्ट नाराज, फुटेज में देंखे याचिकाकर्ताओं को लगाई फटकार

दाऊद के मुंबई वाले घर को मस्जिद बताने पर हाईकोर्ट नाराज, फुटेज में देंखे याचिकाकर्ताओं को लगाई फटकार

गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के मुंबई स्थित घर को मस्जिद बताने के मामले में हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई है। बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश न करें। इस मामले में याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि जिस दो मंजिला इमारत को गिराने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) पहुंचा था, वह मस्जिद है और वहां नियमित रूप से पांच वक्त की नमाज अदा की जाती है। हालांकि, अदालत ने इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए फिलहाल किसी भी व्यक्ति के अंदर जाने पर रोक लगा दी है।

दरअसल, 19 नवंबर को BMC की टीम मुंबई में स्थित दो मंजिला मुसाफिरखाने को गिराने पहुंची थी। इसी दिन अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिकाकर्ताओं ने अदालत को बताया कि संबंधित इमारत मस्जिद है। उन्होंने इसे गिराने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने इमारत को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

30 नवंबर तक बढ़ाई गई रोक

बुधवार को मामले की दोबारा सुनवाई चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ के सामने हुई। अदालत ने इमारत को गिराने पर लगी रोक 30 नवंबर तक बढ़ा दी। हालांकि, इसके साथ ही कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस अवधि में कोई भी व्यक्ति इमारत के परिसर में प्रवेश नहीं करेगा और वहां नमाज भी नहीं पढ़ी जाएगी।सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने एक बार फिर दावा किया कि इमारत में मस्जिद मौजूद है और वहां दिन में पांच बार नमाज अदा की जाती है। उन्होंने अदालत से रोजाना नमाज पढ़ने या कम से कम शुक्रवार की नमाज की अनुमति देने का अनुरोध किया।

जर्जर इमारत में प्रवेश की अनुमति देने से इनकार

अदालत ने याचिकाकर्ताओं की मांग स्वीकार नहीं की। पीठ ने कहा कि इमारत की हालत जर्जर है और ऐसे में किसी भी व्यक्ति को वहां जाने की अनुमति देना जोखिम भरा हो सकता है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि 30 नवंबर तक परिसर में किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।सुनवाई के दौरान पीठ ने सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि यदि इमारत में किसी तरह की अप्रिय घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

याचिकाकर्ताओं के दावे पर कोर्ट की सख्ती

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने इमारत को मस्जिद बताने वाले दावे पर नाराजगी जताई और याचिकाकर्ताओं को कोर्ट को गुमराह नहीं करने की चेतावनी दी। अब इस मामले में 30 नवंबर तक इमारत को गिराने की कार्रवाई पर रोक जारी रहेगी। साथ ही परिसर में प्रवेश और नमाज पढ़ने पर भी प्रतिबंध रहेगा।फिलहाल इस मामले में अगली सुनवाई अहम मानी जा रही है, क्योंकि अदालत को इमारत की वास्तविक स्थिति, उसके इस्तेमाल और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विचार करना है।

Share this story

Tags