मुंबई में हाई अलर्ट! अमिताभ बच्चन के बंगले से लेकर एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस तक को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
मुंबई में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। 12 नवंबर को सामने आए एक ताजा धमकी भरे ईमेल में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले, मुंबई एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में कई बड़े स्थानों का जिक्र
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'जलसा', एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस के अलावा बैंक, अदालत और महालक्ष्मी रेसकोर्स जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का भी जिक्र किया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पहले भी अमिताभ बच्चन के बंगले को मिल चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की धमकी मिली हो। इससे पहले 6 नवंबर को भी एक ईमेल में उनके बंगले 'जलसा', बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और महालक्ष्मी रेसकोर्स में बम धमाके की धमकी दी गई थी। उस समय पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने संबंधित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।
पुलिस और साइबर टीम कर रही जांच
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि नए ईमेल का पहले मिली धमकियों से कोई संबंध है या नहीं।फिलहाल धमकी को लेकर जांच जारी है। पुलिस की ओर से ईमेल में किए गए दावों की पुष्टि की जा रही है। किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

