यूपी-बिहार समेत 4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, वीडियो में देंखे बाढ़ से हालात बिगड़े; राजस्थान में बारिश थमी
देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज बना हुआ है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 29 अगस्त को भी ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी के 47 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।झांसी के टोडी फतेहपुर में भारी बारिश के बाद पथराई नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इससे बस स्टैंड पूरी तरह जलमग्न हो गया। आसपास के घरों और दुकानों में कई फीट तक पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों और घरों की छतों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चरण में भी बारिश और आंधी की संभावना है। पड़ोसी नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण उत्तर भारत की कई नदियों में पानी बढ़ने से भी यूपी के सीमावर्ती इलाकों में खतरा बढ़ा है। केंद्र ने बिहार और उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।
बिहार में गंगा-गंडक खतरे के निशान के ऊपर
बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। गंगा, गंडक, कोसी और बूढ़ी गंडक समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नेपाल में हुई भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के बाद नदियों में पानी बढ़ने से बिहार के कई इलाकों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।कई निचले इलाकों में पानी पहुंच चुका है और हजारों परिवार प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने बिहार में भी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
ओडिशा में 67 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
ओडिशा में बाढ़ से तीन जिलों में 67 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। हालात को देखते हुए उत्तरी और तटीय ओडिशा में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना ने चिंता बढ़ा दी है।IMD ने रविवार को ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी चेतावनी दी है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
हिमाचल में 67 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का असर यातायात पर पड़ा है। कई स्थानों पर भूस्खलन और बारिश के कारण सड़कें बंद हुई हैं। राज्य में 67 सड़कों के बंद होने की जानकारी सामने आई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।
राजस्थान में थमा बारिश का दौर
राजस्थान में मानसून आने के बाद शुक्रवार ऐसा पहला दिन रहा, जब राज्य में कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई। बारिश थमने के साथ कई शहरों में तापमान भी बढ़ा। अलवर समेत 15 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान में राजस्थान के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
30 अगस्त को 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त को देश के 26 राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

