हजारीबाग: अवैध बालू कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई, युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त गिरफ्तार
हजारीबाग, 31 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी प्रखंड के हेन्देगीर पाताल क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार में वर्चस्व को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को दामोदर नदी में फेंक दिया गया। वारदात के छह दिन बाद केरेडारी थाने की पुलिस ने रामगढ़ के पास दामोदर नदी के बालू घाट से मृतक का सड़ा-गला शव बरामद किया है। पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी उसके दोस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोले गांव निवासी संदीप ठाकुर गत 25 अगस्त की सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो केरेडारी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदीप के दोस्त सन्नी गंझू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ में सन्नी ने आपसी रंजिश में संदीप को गोली मारने और शव को दामोदर नदी में बहाने का जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान दामोदर नदी से संदीप का शव बरामद किया, जिसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हेन्देगीर पाताल क्षेत्र में दामोदर नदी से हाईवा और ट्रैक्टरों के जरिए अवैध बालू का बड़े पैमाने पर परिवहन किया जाता है, जहां वाहनों से टोकन मनी के नाम पर 500 से 1,000 रुपए तक की अवैध वसूली की जाती है।
क्षेत्र में इस कथित रंगदारी और वर्चस्व को लेकर अक्सर विवाद और गोलीबारी की घटनाएं होती रही हैं। बताया जा रहा है कि संदीप की हत्या भी इसी वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

