कर्नाटक में हावेरी बस स्टेशन पर हादसा, एक मासूम समेत तीन लोग घायल
हावेरी, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के हावेरी केंद्रीय बस स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक बस अचानक कंट्रोल से बाहर हो गई और प्लेटफॉर्म पर चढ़कर एक बेकरी स्टॉल से टकरा गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक दो साल का बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह हावेरी केंद्रीय बस स्टेशन पर काफी हलचल थी। लोग अपनी बस के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हावेरी से लक्ष्मेश्वर जा रही एक बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और प्लेटफॉर्म पर जाकर एक बेकरी स्टॉल से टकरा गई। हादसे के बाद लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
आसपास के लोग दौड़कर घायलों की मदद करने लगे और तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को हावेरी जिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों में दो वयस्क और एक छोटा बच्चा शामिल हैं। अस्पताल में उनकी प्राथमिक जांच और इलाज शुरू कर दिया गया है। परिवारवालों की चिंता और दुख इस हादसे के बाद साफ नजर आ रहा था। हर कोई अपने प्रियजनों की सुरक्षा को लेकर परेशान था।
वहीं, हादसे के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। हावेरी नगर पुलिस स्टेशन ने घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चालक की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ या कोई और वजह भी थी।
लोगों का कहना है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। बस की गति इतनी अधिक थी कि चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और प्लेटफॉर्म पर रखे स्टॉल से टकरा गया। इस दौरान एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए।
इस हादसे की वजह से कुछ समय के लिए बस स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिससे कुछ समय के लिए बसों का आवागमन भी बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करते हुए माहौल शांत कराया और फिर से आवागमन शुरू हुआ।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

