हत्या के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
बुलंदशहर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर थाना चोला क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध तमंचे, कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को थाना चोला क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चोला में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या के आरोप में अनिल सोलंकी और जितेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास अलग-अलग स्थानों पर छिपा रखे हैं।
बुधवार को पुलिस की दो टीमें दोनों आरोपियों को उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास करते हुए झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे लोडेड तमंचे निकाल लाए और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सोलंकी पुत्र थान सिंह तथा जितेश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना चोला, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों शातिर अपराधी हैं। अनिल के खिलाफ पहले से चार और जितेश के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद दोनों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला तथा अवैध हथियार रखने सहित संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना चोला के प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक शीशपाल सिंह, अरविंद जुरैल, रामसिंह तथा पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

