Samachar Nama
×

हरियाणा: सोनीपत में घरेलू झगड़े के चलते पति ने की पत्नी की हत्या

हरियाणा: सोनीपत में घरेलू झगड़े के चलते पति ने की पत्नी की हत्या
हरियाणा: सोनीपत में घरेलू झगड़े के चलते पति ने की पत्नी की हत्या

सोनीपत, 26 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के सोनीपत जिले में घरेलू झगड़े के दौरान एक 32 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि महिला की उसके पति ने खेत में इस्तेमाल होने वाले औजार से हत्या की और फरार हो गया।

यह घटना सोनीपत के रहमाणा गांव हुई। पता चला है कि मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी नरेश कुमार अपनी पत्नी राजवंती और करीब दस साल के बेटे के साथ गांव रहमाणा में किसान राजेंद्र के खेत में बने कमरे में रहते थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। नरेश ने शराब के नशे में व पुराने विवाद के चलते कथित रूप से राजवंती पर कस्सी से हमला कर दिया। राजवंती के चेहरे, सिर व पेट पर कई वार किए गए हैं। हमले में महिला की मौत हो गई।

आरोप है कि वारदात के समय नरेश शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलने पर मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।

मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि गांव रहमाणा से सूचना मिली थी कि एक महिला की हत्या कर दी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसी के पति ने अपनी पत्नी की हत्या की है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है की हत्या घरेलू विवाद के चलते की गई है।

उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। किसी नुकीले हथियार से हमला किया गया था। पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने यह भी बताया कि घटनास्थल पर शराब की बोतलें मिली हैं। अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीते थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले में गहनता से जांच की जा रही है, जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags