हरियाणा: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फरीदाबाद में 'नमो' मैराथन को दिखाई हरी झंडी, शिखर धवन हुए शामिल
फरीदाबाद, 27 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ 'नमो' मैराथन आयोजित की गई। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने व 'नशा मुक्त हरियाणा' बनाने में योगदान देने का आग्रह किया। इस 'नमो' मैराथन पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हुए।
फरीदाबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सैनी ने 'नमो' मैराथन को हरी झंडी दिखाई और सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यहां युवाओं का जनसैलाब उमड़ा है। मैं आप सभी को इस नमो मैराथन के लिए दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैं सूरजकुंड की पवित्र धरती से पूरे फरीदाबाद को प्रणाम करता हूं।
सीएम सैनी ने कहा कि हमारा संकल्प है कि हम नशीले पदार्थों से दूर रहें और अपने युवाओं और हरियाणा को नशा-मुक्त बनाएं। मैं आपका उत्साह देख सकता हूं। यह सचमुच मुझे बहुत खुशी देता है। जब इस नमो मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ, तो 1,35,000 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और आज 1,35,000 से अधिक प्रतिभागी इस दौड़ में शामिल हो रहे हैं।"
कार्यक्रम के दौरान सभी को शपथ दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि न तो हम खुद नशा करेंगे और न ही किसी और को ऐसा करने देंगे। हम युवाओं की ऊर्जा को नशे में नहीं, बल्कि राष्ट्र-निर्माण में लगाएंगे। उन्होंने कहा कि 'नशा-मुक्त' हरियाणा हमारा संकल्प है, 'स्वस्थ हरियाणा' हमारी पहचान है और 'विकसित भारत' हमारा लक्ष्य है।
उन्होंने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि हर घर में हंसी और हर आंगन में खुशहाली हो। अब नशे की जगह सपनों का उजाला होगा और हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीसीएच/

