Samachar Nama
×

हरियाणा : मंत्री बनकर अफसरों और भाजपा नेताओं को फोन करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार

हरियाणा : मंत्री बनकर अफसरों और भाजपा नेताओं को फोन करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार
हरियाणा : मंत्री बनकर अफसरों और भाजपा नेताओं को फोन करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार

हिसार, 24 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार में मंत्री रणबीर गंगवा के नाम पर फर्जी सिम कार्ड जारी करवाकर अधिकारियों और भाजपा नेताओं को फोन करने वाले दो साइबर ठगों को हिसार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को राजस्थान के अलवर जिले के नाडका गांव से पकड़ा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी सिम कार्ड कहां से जारी कराया गया और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मंत्री रणबीर गंगवा के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके नाम से सिम कार्ड हासिल किया। इसके बाद उसी नंबर से जन स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी और कई भाजपा नेताओं को फोन कर खुद को मंत्री बताकर प्रभाव जमाने की कोशिश की।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अंबाला में जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता को फोन कर कहा, "मैं अपना आदमी भेज रहा हूं, उसका काम कर देना।" इसके अलावा पानीपत और करनाल के भाजपा जिला अध्यक्षों को भी फोन किया गया।

हालांकि, दोनों जिला अध्यक्ष मंत्री रणबीर गंगवा को व्यक्तिगत रूप से जानते थे। फोन करने वाले की आवाज और बातचीत के तरीके पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने मंत्री के निजी नंबर पर संपर्क कर मामले की पुष्टि की। तभी यह साफ हो गया कि कोई व्यक्ति मंत्री बनकर लोगों को गुमराह कर रहा है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि फोन आने पर कॉलर आइडेंटिफिकेशन में मंत्री रणबीर गंगवा का नाम दिखाई दे रहा था। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपने वॉयल मेल की प्रोफाइल तस्वीर में मंत्री के साथ एक कार्यक्रम की फोटो भी लगा रखी थी, ताकि लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाएं।

मंत्री के निजी सहायक अरुण कुमार की शिकायत पर हिसार के साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद साइबर थाना और अपराध जांच टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया और राजस्थान के अलवर जिले से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी सिम कार्ड किसकी मदद से जारी कराया गया और इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना है।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Share this story

Tags