हरियाणा के सात शहरी स्थानीय निकायों के लिए वोटों की गिनती शुरू
चंडीगढ़, 13 मई (आईएएनएस)। सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबले में हरियाणा के सात शहरी स्थानीय निकायों और 528 पंचायतों के लिए वोटों की गिनती बुधवार को शुरू हो गई। इन चुनावों में 54.5 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इनमें अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, धारूहेड़ा व उकलाना की नगर समितियों के लिए भी चुनाव हुए थे। टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और सढौरा में भी एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव हुए थे। भाजपा और कांग्रेस पार्टी ही इस मुकाबले में मुख्य पार्टियां हैं।
अंबाला से भाजपा की मेयर पद की उम्मीदवार अक्षिता सैनी, पंचकूला से श्यामलाल बंसल और सोनीपत से राजीव जैन हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से अंबाला से मेयर पद की उम्मीदवार की कुलविंदर कौर, पंचकूला से सुधा भारद्वाज और सोनीपत से कमल दीवान मैदान में हैं।
कुल 873,177 मतदाताओं में से 475,948 द्वारा वोट डाले गए। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने कहा कि जिला चुनाव अधिकारियों व रिटर्निंग अधिकारियों को वोटों की गिनती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए गिनती की प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी। गिनती केंद्रों पर विशेष पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के भी आदेश दिए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, सांपला की नगर समिति में सबसे अधिक 79.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद उकलाना में 75.7 प्रतिशत और धारूहेड़ा में 72.4 प्रतिशत मतदान हुआ।
रेवाड़ी नगर परिषद में लगभग 64.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सांपला में मतदाताओं की अधिक भागीदारी ने राजनीतिक पर्यवेक्षकों को असमंजस में डाल दिया है क्योंकि यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है और भाजपा ने यह चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ा था। कांग्रेस के किसी उम्मीदवार के न होने पर हुड्डा ने उस उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगे थे जो भाजपा को हराने में सक्षम था।
सोनीपत और रेवाड़ी में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था। सोनीपत में मुकाबला भाजपा के राजीव जैन और कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान के बीच था। उकलाना में भाजपा की निकिता गोयल को निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी से कड़ी चुनौती मिल रही थी। इसी तरह, सांपला और धारूहेड़ा सहित कई नगर समितियों में कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

