Samachar Nama
×

हरिद्वार में सड़क हादसा: राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, एक महिला की मौत, 38 घायल

हरिद्वार, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में सप्तऋषि चौकी के सामने स्थित श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास हाईवे कट पर हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले से आए करीब 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। श्रद्धालु भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। उनके समूह में तीन बसें शामिल थीं और स्नान के बाद सभी यात्री वापस राजस्थान लौट रहे थे।

इसी दौरान एक बस धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन के रास्ते हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। तभी देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रहे एक डंपर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया। घायलों में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएचके/एएस

Share this story

Tags