Samachar Nama
×

'हर चुनौती से निपटने को भारतीय रक्षा बल तैयार', कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर बोले राजनाथ सिंह

'हर चुनौती से निपटने को भारतीय रक्षा बल तैयार', कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर बोले राजनाथ सिंह
'हर चुनौती से निपटने को भारतीय रक्षा बल तैयार', कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर बोले राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। 27वें कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, पराक्रम और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि भारतीय रक्षा बल किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि भले ही दुश्मन अपनी नापाक हरकतों, घुसपैठ और प्रॉक्सी वॉर जैसी गतिविधियों से बाज नहीं आया है, लेकिन भारतीय सेनाएं हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम हैं।

द्रास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सबसे कठिन परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने जिस साहस, धैर्य और देशभक्ति का परिचय दिया, वह आज भी पूरे राष्ट्र और सेना के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब तक भारतीय सैनिकों का मनोबल और राष्ट्रभक्ति अडिग है, तब तक कोई भी शक्ति भारत की ओर बुरी नजर उठाने का साहस नहीं कर सकती।

'बाराखाना' कार्यक्रम के दौरान सैनिकों से संवाद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कारगिल विजय केवल इतिहास का गौरवशाली अध्याय नहीं, बल्कि भविष्य के लिए प्रेरणा भी है। वर्तमान समय में सुरक्षा चुनौतियां लगातार बदल रही हैं, और सरकार सेना को आधुनिक हथियारों, अत्याधुनिक तकनीकों, तथा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण से लैस करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सैनिक कल्याण और रक्षा आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता भी दोहराई।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय रक्षा बल नई तकनीकों को तेजी से अपना रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा उत्पादन में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारतीय सेना दुनिया की सबसे सक्षम और आधुनिक सेनाओं में शामिल होगी।

विश्वनाथन स्टेडियम में आयोजित 'शौर्य भोज' कार्यक्रम में सेना की ओर से ड्रोन, रोबोटिक म्यूल, मार्शल आर्ट रूटीन और अन्य आधुनिक सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही लद्दाख की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष बना दिया।

इस अवसर पर लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक, वीरता पुरस्कार विजेता, वीर नारियां, शहीदों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags