पीएम मोदी का बिहार दौरा ढेर सारी खुशियां लेकर आता है: अश्विनी चौबे
भागलपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इस दौरान पीएम मोदी प्रदेशवासियों को कई सौगातें देंगे, जिनमें नीतीश सेतु भी शामिल हैृ। भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने पीएम मोदी के बिहार दौरे का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के स्वागत का इंतजार कर रही है।
भागलपुर में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी बिहार आते हैं तो अपने साथ ढेर सारी खुशियां और सौगातें लेकर आते हैं। इस बार भी वह हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। बिहार सरकार उनके दौरे को लेकर पूरी तैयारी कर रही है।
अश्विनी चौबे ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने मांग की है कि बिहार की धरती लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की भूमि है, इसीलिए अध्ययन एवं शोध केंद्र की स्थापना की जानी चाहिए। उन्होंने बिहार सरकार से भी इस संबंध में जल्द घोषणा करने की मांग की। उन्होंने अपनी दूसरी मांग रखते हुए कहा कि बक्सर-बलिया पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे के नाम पर रखा जाना चाहिए। इसके अलावा बेगूसराय के सिमरिया पुल का नामकरण राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार सरकार को स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों के सम्मान में बड़े-बड़े पुलों का नामकरण उनके नाम पर करना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के योगदान को याद रखने की प्रेरणा मिलेगी।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर बिहार भाजपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया गया।
पोस्ट में लिखा कि पीएम मोदी के 21 नवंबर को बिहार आगमन पर 5,571 करोड़ रुपए की लागत से बने 6-लेन नीतीश सेतु की सौगात देंगे। इससे पटना-वैशाली के बीच यातायात सुगम होने के साथ ही व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

