Samachar Nama
×

हापुड़ में मुठभेड़ के बाद पांच अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने 55 लाख के सामान से भरे कैंटर लूट की घटना को सुलझाया

हापुड़ में मुठभेड़ के बाद पांच अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने 55 लाख के सामान से भरे कैंटर लूट की घटना को सुलझाया
हापुड़ में मुठभेड़ के बाद पांच अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने 55 लाख के सामान से भरे कैंटर लूट की घटना को सुलझाया

हापुड़, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए 55 लाख रुपए से अधिक कीमत के सामान से भरे कैंटर लूटने की घटना का खुलासा किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में बीती रात चेकिंग के दौरान एक कैंटर को रुकने का इशारा किया गया था। कैंटर चालक ने वाहन को रोकने की बजाय उसकी गति और बढ़ा दी। इस बारे में दूसरी टीम को भी सूचित किया गया, जिसने आगे रास्ते में कैंटर को रोक लिया।

डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि बदमाशों ने बचकर भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और अन्य चार बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, एक चाकू और कपड़ों से भरा हुआ कैंटर बरामद किया गया।

अपराधियों की पहचान संभल निवासी जावेद और मुरादाबाद के रहने वाले अजीम, प्रदीप, अमन व सुभान के रूप में हुई है। डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि अपराधियों ने 28 सितंबर को कैंटर लूटने की वारदात को कबूल किया है।

हापुड़ पुलिस ने बताया कि पांच दिन पूर्व रात में बलवापुर-बृजघाट रोड पर बदमाशों ने कैंटर को रोककर चालक और हेल्पर को बंधक बना लिया था। इसके बाद दोनों को अमरोहा क्षेत्र में छोड़कर बदमाश कपड़े से भरा कैंटर लूटकर फरार हो गए थे। बताया गया कि कैंटर में लगभग 55 लाख रुपए का सामान था।

डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags