Samachar Nama
×

'हप्पू की उलटन पलटन' में अब नहीं दिखेंगी 'कटोरी अम्मा', हिमानी शिवपुरी बोलीं– दिल के करीब रहेगा रोल

मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय टीवी शो 'हप्पू की उलटन पलटन' में अब कटोरी अम्मा नजर नहीं आएंगी। शो में कटोरी अम्मा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर विदाई की जानकारी फैंस को दी। उन्होंने बताया कि यह खास रोल हमेशा उनके दिल के करीब रहेगा।
'हप्पू की उलटन पलटन' में अब नहीं दिखेंगी 'कटोरी अम्मा', हिमानी शिवपुरी बोलीं– दिल के करीब रहेगा रोल

मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय टीवी शो 'हप्पू की उलटन पलटन' में अब कटोरी अम्मा नजर नहीं आएंगी। शो में कटोरी अम्मा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर विदाई की जानकारी फैंस को दी। उन्होंने बताया कि यह खास रोल हमेशा उनके दिल के करीब रहेगा।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर दिल को छू लेने वाला पोस्ट करते हुए बताया कि इस शो में उनका सात साल का सफर अब खत्म हो गया है। हिमानी ने इसे अपने 35 साल के करियर का सबसे खास और सबसे लंबा रोल बताया।

हिमानी शिवपुरी चार दशकों से ज्यादा समय से हिंदी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, परदेस, हीरो नंबर-1, कभी खुशी कभी गम, कोयला जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है। शिवपुरी ने पोस्ट में लिखा, "सात साल का सफर खत्म हुआ। इंडस्ट्री में मेरे 35 सालों में 200 से ज्यादा फिल्में, 50 टीवी शो, थिएटर का सफर... लेकिन 'हप्पू की उलटन पलटन' की कटोरी अम्मा हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह पर रहेगी। यह मेरा सबसे लंबा रोल है।"

उन्होंने कहा कि इस किरदार को खास बनाने वाली सबसे बड़ी बात दर्शकों से मिला ढेरों प्यार था। वह जहां भी जातीं, लोग उनके मशहूर डायलॉग्स जैसे "नींबू निचोड़ दूंगी", "नासपीटा" के साथ-साथ उनकी पुरानी फिल्मों दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, हम आपके हैं कौन, हीरो नंबर-1, कभी खुशी कभी गम के डायलॉग्स याद करते थे।

कॉमेडी टीवी शो 'हप्पू की उलटन पलटन' में 'कटोरी अम्मा' हप्पू सिंह की सख्त लेकिन प्यारी मां रहती है, जिनके डायलॉग्स घर-घर में चर्चित हैं। शो के क्रिएटर्स को धन्यवाद देते हुए हिमानी ने कहा, "मैं लेखकों, खासकर मनोज संतोषी, डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स को इतना सुंदर और मल्टी-डायमेंशनल किरदार बनाने के लिए दिल से शुक्रिया अदा करती हूं।"

उन्होंने पूरी टीम को याद करते हुए कहा कि को-एक्टर्स, मेकअप, हेयर, कॉस्ट्यूम, सेट और स्पॉट बॉयज को दिए गए प्यार के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने खास तौर पर सेट पर मौजूद कुत्तों (डॉग्स) को याद करते हुए कहा कि उन्हें खाना खिलाना और प्यार करना हमेशा याद रहेगा।

हिमानी ने पोस्ट में कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें शो के सेट के खुशी भरे पल कैद हैं। एक फोटो में टीम केक काटते हुए सेलिब्रेट करती दिख रही है। दूसरी में को-स्टार्स के साथ फनी मोमेंट में बाल सीधे खड़े करके पोज देती नजर आ रही हैं। एक और तस्वीर में ट्रेडिशनल कपड़ों में साथी कलाकारों के साथ मुस्कुराती हुई हैं। ये तस्वीरें शो के दौरान बिताए मजेदार और यादगार पलों की झलक दिखाती हैं।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

Share this story

Tags