तरबूज पर बनी हनुमान जी की तस्वीर Viral, Video देख भक्तों ने लगाया ‘जय श्री राम’ का जयकारा, बोले– ये AI नहीं, टैलेंट है
सोशल मीडिया के दौर में कब क्या वायरल हो जाए, कहना मुश्किल है। इन दिनों मुंबई के एक शेफ कपल की अनोखी कला इंटरनेट पर छाई हुई है। इस कलाकार जोड़ी ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। दरअसल, उन्होंने साधारण से दिखने वाले तरबूज पर भगवान हनुमान की इतनी बारीक और सुंदर आकृति उकेरी कि पहली नजर में लोग इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या डिजिटल इफेक्ट समझ बैठे।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो ने देखते ही देखते लाखों व्यूज बटोर लिए। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि यह कोई कंप्यूटर जनरेटेड तस्वीर नहीं, बल्कि हाथों से की गई बेमिसाल कारीगरी है। शेफ प्राची गुहे ने अपनी कला और धैर्य से तरबूज पर भगवान हनुमान की आकृति को जीवंत कर दिया।
वीडियो में प्राची को बड़े ही सधे हुए हाथों से तरबूज की ऊपरी परत को काटते और नक्काशी करते देखा जा सकता है। धीरे-धीरे फल की सतह पर हनुमान जी का चेहरा, मुकुट और भावनात्मक अभिव्यक्ति उभरकर सामने आती है। उनकी बारीकी और डिटेलिंग देखकर हर कोई दंग रह जाता है।
यह कला सिर्फ क्रिएटिविटी ही नहीं, बल्कि फूड आर्ट की दुनिया में एक शानदार उदाहरण मानी जा रही है। आमतौर पर शेफ्स खाने को स्वादिष्ट बनाने पर ध्यान देते हैं, लेकिन इस कपल ने खाने को कला का रूप देकर उसे एक अलग पहचान दी है।
सोशल मीडिया यूजर्स भी इस वीडियो पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि “पहली नजर में लगा AI से बनी इमेज है”, तो किसी ने कहा, “इतनी परफेक्ट नक्काशी इंसान ही कर सकता है, ये असली टैलेंट है।” वहीं कुछ यूजर्स ने इसे ‘भक्ति और कला का संगम’ बताया।
प्राची और उनके पार्टनर का कहना है कि उन्हें फूड कार्विंग का शौक है और वे अक्सर फलों और सब्जियों पर अलग-अलग आकृतियां बनाते रहते हैं। लेकिन इस बार हनुमान जी की मूर्ति ने लोगों का खास ध्यान खींचा है। उनका उद्देश्य सिर्फ कला के जरिए लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना है।
आज के डिजिटल दौर में जहां हर चीज को AI से जोड़कर देखा जाता है, वहां इस तरह की हस्तनिर्मित कला लोगों को याद दिलाती है कि इंसानी हुनर और मेहनत की कोई बराबरी नहीं। फिलहाल, मुंबई के इस शेफ कपल की यह अनोखी कला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और हर कोई उनकी प्रतिभा की सराहना कर रहा है।

