Samachar Nama
×

हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने फिर रचा इतिहास, एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार जीता ब्रॉन्ज

हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने फिर रचा इतिहास, एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार जीता ब्रॉन्ज
हांसी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने फिर रचा इतिहास, एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार जीता ब्रॉन्ज

हांसी, 29 सितंबर (आईएएनएस)। हांसी के लाल और भारतीय मुक्केबाजी के दमदार खिलाड़ी नरेंद्र बेरवाल ने एशियन गेम्स-2026 में एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। नरेंद्र ने पुरुषों के 90 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार ब्रॉन्ज मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल की है।

सेमीफाइनल मुकाबले में नरेंद्र बेरवाल का सामना कजाकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन आइबेक ओरलबे से हुआ। नरेंद्र ने मुकाबले में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन उन्हें 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। सभी जजों ने कजाकिस्तान के मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया।

मुकाबले के आखिरी राउंड में नरेंद्र को स्टैंडिंग काउंट का भी सामना करना पड़ा। हालांकि, सेमीफाइनल में हार के बावजूद नरेंद्र ने भारत के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया। उनके लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि एशियन गेम्स में यह उनका लगातार दूसरा कांस्य पदक है। इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

मुकाबले के बाद नरेंद्र बेरवाल ने कहा कि उन्होंने रिंग में अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश की, लेकिन वह कोच की रणनीति को पूरी तरह से लागू नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान अगले बड़े टूर्नामेंट पर है।

नरेंद्र ने कहा, “मैंने रिंग में अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश की, लेकिन कोच की रणनीति को पूरी तरह लागू नहीं कर पाया। अब मेरा पूरा फोकस वर्ल्ड चैंपियनशिप पर है। अप्रैल में कजाकिस्तान में वर्ल्ड चैंपियनशिप है। यहां से मैं गोल्ड मेडल जीतकर आऊंगा।”

उन्होंने आगे कहा कि इसी टूर्नामेंट के जरिए उनके ओलंपिक चयन की दिशा भी तय होगी। नरेंद्र का लक्ष्य आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। इसके साथ ही 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन हासिल करना भी उनके प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।

नरेंद्र ने कहा कि वह आगामी प्रतियोगिताओं के लिए और बेहतर तैयारी के साथ उतरेंगे और भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।

एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पदक जीतकर नरेंद्र बेरवाल ने भारतीय मुक्केबाजी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। अब उनकी नजर विश्व चैंपियनशिप और उसके बाद 2028 ओलंपिक की तैयारियों पर है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags