हमीरपुर में तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो की मौत
हमीरपुर, 15 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यह हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बांदा रोड पर हुआ, जहां देर रात तेज रफ्तार एक अज्ञात लोडर वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मध्य रात्रि करीब 2 बजे के आसपास की है। बताया जा रहा है कि तीन लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी अचानक पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया।
मृतकों की पहचान समीर और रामभोरी के रूप में हुई है जिसमें एक की उम्र करीब 20 वर्ष और दूसरे की करीब 40 वर्ष बताई गई है। तीसरा घायल व्यक्ति भी स्थानीय बताया जा रहा है, जिसकी उम्र लगभग 48 वर्ष है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से लोग सदमे में हैं।
वहीं, मौदहा सीओ आरके पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना रात में ही मिल गई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

