अबू आजमी ने किया हामिद अंसारी के बयान का समर्थन, नौकरी के दावों पर योगी सरकार को घेरा
लखनऊ, 20 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अबू आजमी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोजगार संबंधी दावों, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के नतीजों और लखनऊ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रतिक्रिया दी।
अबू आजमी ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने देश को हिंदू कट्टरपंथियों से खतरा होने की बात कही थी।
मीडिया से बातचीत के दौरान अबू आजमी ने कहा कि हामिद अंसारी देश के बड़े पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। वह उपराष्ट्रपति रहने के साथ-साथ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति भी रह चुके हैं और इसलिए उनके द्वारा कही गई बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। अबू आजमी ने कहा कि वह हामिद अंसारी की बातों से सहमत हैं।
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री किए जाने को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से जताई गई नाराजगी पर भी अबू आजमी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार दिया है।
अबू आजमी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में हर व्यक्ति को, चाहे वह कितना भी साधारण क्यों न हो, सत्ता में बैठे व्यक्ति के खिलाफ अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को खत्म करना चाहती है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के बीच सहनशीलता होनी चाहिए और कानून के दायरे में रहते हुए सभी को बोलने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रोजगार और नौकरियों को लेकर किए जा रहे दावों पर भी अबू आजमी ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं और उनका समय समाप्त हो रहा है। अबू आजमी ने प्रदेश में महंगाई और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है और इससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की चोरी के मामले का जिक्र करते हुए अबू आजमी ने दावा किया कि इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता पैदा हुई है और लोग अयोध्या आने से बच रहे हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

