भाजपा की लड़ाई कर्नाटक और कांग्रेस की लड़ाई कुर्सी के लिए है : शोभा करंदलाजे
बेंगलुरु, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक सरकार को घेरा है। उन्होंने बेंगलुरु के विकास, आवास संकट और कथित अवैध प्रवासियों के मुद्दे को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
करंदलाजे ने कहा कि वर्षों से कर्नाटक और खासकर बेंगलुरु के लोग शहर के विकास में बड़ा योगदान दे रहे हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के पास अपना घर नहीं है। इसके उलट, बिना रिकॉर्ड वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों को घरों की चाबियां दी जा रही हैं। यह बेहद चिंताजनक है।
शोभा करंदलाजे ने कहा, "कर्नाटक के लोग, बेंगलुरु के लोग, आज भी अपने घर के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं, जिनका कोई रिकॉर्ड नहीं, उन्हें घर दिए जा रहे हैं। आखिर हमारे कर्नाटक में यह क्या हो रहा है? क्या यहां बांग्लादेशियों को घर देने की योजना है?"
उन्होंने इस पर राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से स्पष्ट जवाब मांगा।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि कर्नाटक में चुनाव से पहले एसआईआर तुरंत कराया जाना चाहिए। यह जानना बेहद जरूरी है कि राज्य में कितने बांग्लादेशी रह रहे हैं, कितने लोगों को यहां लाया गया, और किन-किन के नाम पर वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाए गए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक चुनाव कराना उचित नहीं है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर बोलते हुए शोभा करंदलाजे ने कहा, "हमारी लड़ाई कर्नाटक के लिए है, कर्नाटक के लोगों के लिए है। वहीं, कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ कुर्सी के लिए है। कुर्सी बचाने और कुर्सी पकड़ने के लिए है।"
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया अपनी कुर्सी बचाना चाहते हैं, जबकि डीके शिवकुमार उसे पकड़ने की कोशिश में लगे हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम

