'हमारे लिए मराठी भाषा सर्वप्रथम', शाइना एनसी ने किया महाराष्ट्र सरकार ने फैसले का बचाव
मुंबई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी बोलना अनिवार्य करने के राज्य सरकार के फैसले पर विवाद जारी है। इस बीच शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने सरकार का पक्ष लेते हुए कहा कि हमारे लिए मराठी भाषा सर्वप्रथम है।
शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मराठी भाषा हमारा गौरव और हमारी पहचान है। मोटर व्हीकल एक्ट में यह अनिवार्य है कि कोई भी सेवा प्रदाता, चाहे वह ऑटो-रिक्शा चालक हो या टैक्सी चालक, उन्हें मराठी बोलनी ही चाहिए, ताकि यात्रियों के लिए आसानी हो सके।"
उन्होंने आगे कहा, "कहीं न कहीं लोगों ने दादागिरी की राजनीति की है। अपने अवसरवाद को लेकर उसे एक राजनीतिक मुद्दा बनाया है। हालांकि, हमारे लिए यह अभिमान है कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा लोग मराठी सीखें और बोलें।"
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने एक मई से राज्य में सभी लाइसेंस प्राप्त ऑटोरिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा का ज्ञान अनिवार्य किया है। इसके तहत चालकों को मराठी पढ़ना, लिखना और बोलना आना चाहिए। आदेश है कि अगर कोई चालक इस भाषा में बुनियादी दक्षता नहीं दिखा पाता, तो उसके लाइसेंस को रद्द कर दिया जाएगा।
इसी बीच, शाइना एनसी ने लोगों के स्वास्थ्य को लेकर बात की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा, "आम नागरिकों को भी यह समझने की जरूरत है कि आज भारत 'डायबिटीज कैपिटल' बनता जा रहा है। ऐसा क्यों? मोटापा क्यों बढ़ रहा है? महिलाओं में कैंसर के मामले क्यों बढ़ रहे हैं? कहीं न कहीं, हमें यह एहसास करने की जरूरत है कि मानसिक संतुलन के साथ-साथ, व्यायाम और योग भी बेहद जरूरी हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मंत्रालय अपना काम कर रहे हैं, लेकिन नागरिकों और एनजीओ को अपना काम करना चाहिए। इसलिए मुंबई में हर रविवार को कार्यक्रम आयोजित होता है। हमारी कोशिश रहती है कि ज्यादा से ज्यादा लोग आएं। बच्चे और बुजुर्ग भी इसमें शामिल हों।"
शाइना एनसी ने दोहराया कि पिछले 12 सालों से, हम लगातार यहां मरीन ड्राइव पर योग सत्र आयोजित कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि मुंबई के लोग बाहर निकलें और इसमें हिस्सा लें। आज की इस तेज रफ्तार जिंदगी में, योग ही शांति और सुकून का एकमात्र जरिया है। सुख-शांति के साथ सबको यह भी समझना होगा कि 'हेल्थ इज वेल्थ'।
शिवसेना प्रवक्ता ने यह भी कहा कि भारत ने योगा पूरे विश्व को दिया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करना चाहते हैं, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने योगा को बहुत प्रसिद्ध बनाया है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

