सरकार का महिला आरक्षण बिल सिर्फ चुनावी स्टंट है: रेणुका चौधरी
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद रेणुका चौधरी ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए महिला आरक्षण बिल को चुनावी स्टंट करार दिया है।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान रेणुका चौधरी ने कहा कि यह नाजायज फायदा उठाने की कोशिश है। सरकार हमारे कंधों पर रखकर तोप चला रही है और सोच रही है कि सारे लोग बेवकूफ हैं।
उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव के बीच अचानक यह बिल ला दिया गया। चुनाव आयोग ने इसे कैसे अनुमति दे दी, यह समझ से परे है।
कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि अगर महिलाओं पर इतना ही प्रेम आ रहा है तो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान ही महिला आरक्षण देना चाहिए था, तब जनगणना की बात करते थे। अब अचानक से रातों-रात महिला आरक्षण बिल ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि असली मुद्दा 16 अप्रैल से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र के दौरान पता चलेगा।
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि सरकार महिलाओं के लिए आरक्षण बिल ला रही है, लेकिन महिला सांसदों के साथ कोई चर्चा नहीं की गई। इतना प्रेम महिलाओं पर उमड़ रहा है तो क्या हमें बुलाकर चर्चा नहीं की जा सकती। बिल कल दोपहर को सर्कुलेट किया गया।
रेणुका चौधरी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का हवाला देते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने ठीक कहा है कि यह बहुत जल्दबाजी में लाया गया बिल है। पांच राज्यों में चुनाव चल रहे हैं, महिलाएं प्रचार में लगी हुई हैं। ऐसी क्या जल्दबाजी थी कि रातोंरात स्पेशल सेशन बुलाया गया?
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल महिलाओं को आरक्षण देने का नहीं, बल्कि डिलिमिटेशन का नाटक है। इनकी नीयत में खोट है। गैस सिलेंडर के दाम तीन गुना बढ़ गए, बच्चों की पढ़ाई और रोजगार का कोई समाधान नहीं है। देश के मुद्दों पर चुप्पी साधे बैठे हैं। अब अचानक महिलाओं पर इतना प्रेम उमड़ आया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

