Samachar Nama
×

हमारे देश का चुनाव आयोग न स्वतंत्र है, न निष्पक्ष है और न ही ईमानदार : अवधेश प्रसाद

हमारे देश का चुनाव आयोग न स्वतंत्र है, न निष्पक्ष है और न ही ईमानदार : अवधेश प्रसाद
हमारे देश का चुनाव आयोग न स्वतंत्र है, न निष्पक्ष है और न ही ईमानदार : अवधेश प्रसाद

अयोध्या, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने दीपावली से पहले हुई यूपी कैबिनेट की बैठक, सांसदों और विधायकों के साथ राम मंदिर जाने पर अखिलेश यादव के बयान, सीएम योगी आदित्यनाथ को दी गई चुनौती समेत कई मामलों पर आईएएनएस से बातचीत की है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा, "जनता का विश्वास भाजपा सरकार और सीएम योगी से हट गया है। इनके लुभावने नारे का कोई मतलब नहीं निकला।" भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "सबकुछ बेकार है। लोकतंत्र खतरे में है। किसी भी देश में लोकतंत्र कितना मजबूत है, इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस देश का चुनाव आयोग कितना स्वतंत्र, निष्पक्ष और ईमानदार है।"

अवधेश प्रसाद ने कहा, "अफसोस है कि हमारे देश का चुनाव आयोग न तो स्वतंत्र है, न निष्पक्ष है और न ही ईमानदार है, बल्कि बेईमान है। बाबासाहेब अंबेडकर ने लोगों को मताधिकार का जो अधिकार दिया है, उसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है। इससे बड़ा अपराध दुनिया में कोई नहीं है। आज इनको (मुख्य चुनाव आयुक्त) हटाने के लिए पूरा विपक्ष एक है। हमारे नेता (अखिलेश यादव) ने तो यहां तक कह दिया था कि मिल्कीपुर उपचुनाव में वोटों की चोरी की गई।"

अवधेश प्रसाद ने कहा, "5 तारीख को पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदर्शन किया गया। 6 तारीख को हम लोगों की ओर से दिल्ली में प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी की गई। विरोध प्रदर्शन का यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया नहीं जाता। सरकार इनका (सीईसी) बचाव कर रही है। सरकार से भी इस्तीफे की मांग की नौबत आ सकती है।"

वहीं, अखिलेश यादव द्वारा सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष शर्मा ने कहा, "भाजपा सरकार ने 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से राम मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर निर्माण को लेकर पूरे अयोध्या वासियों को परेशान किया गया। अयोध्या के लोगों की जमीनें गलत तरीके से ले ली गईं, जिसका परिणाम 2024 लोकसभा चुनाव में मिला। अगर सीएम योगी को भगवान राम का आशीर्वाद लेना है तो यहां से चुनाव लड़ना चाहिए। हालांकि सीएम योगी में यह हिम्मत नहीं है, क्योंकि वह भाजपा की पारंपरिक सीट गोरखपुर ग्रामीण से चुनाव लड़ेंगे।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story

Tags