Samachar Nama
×

हमारा उद्देश्य अगले 5 वर्ष में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है: सीएम सम्राट चौधरी

पटना, 19 मई (आईएएनएस )। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन का तेजी से विकास हो रहा है। हम लोगों का उद्देश्य अगले 5 वर्ष में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है।
हमारा उद्देश्य अगले 5 वर्ष में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है: सीएम सम्राट चौधरी

पटना, 19 मई (आईएएनएस )। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन का तेजी से विकास हो रहा है। हम लोगों का उद्देश्य अगले 5 वर्ष में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी जिलों में एयर कनेक्टिविटी को विकसित करने के लिये रोडमैप तैयार कर रही है। सिविल विमानन विभाग राज्य में हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और समावेशी विकास को लेकर विस्तृत योजना पर तेजी से काम करे। पूर्वी भारत में बिहार को क्षेत्रीय ऐविएशन हब के रूप में विकसित करने के लिये काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को नागर विमानन विभाग, भारत सरकार तथा सिविल विमानन विभाग, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया।

भारत सरकार के नागर विमानन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने बैठक में पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार एवं क्षमता वृद्धि को लेकर अपने सुझाव दिए। साथ ही दरभंगा हवाई अड्डे को अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना, अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफिल्ड हवाई अड्डा परियोजना, पूर्णिया हवाई अड्डा के स्थाई सिविल एन्क्लेव का निर्माण, मुजफ्फरपुर-वाल्मीकिनगर, सहरसा एवं बीरपुर हवाई अड्डे का विकास, संशोधित उड़ान योजना के अन्तर्गत बिहार को प्राथमिकता, अतिरिक्त हवाई अड्डों को उड़ान योजना में शामिल करना, फारबिसगंज हवाई अड्डे का उन्न्यन, राज्य की हवाई पट्टियों का तकनीकी मानकों के अनुरूप उन्नयन जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना हवाई अड्डा के रनवे के विस्तार एवं क्षमता वृद्धि को लेकर तेजी से काम किया जाए, राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। दरभंगा हवाई अड्डे को अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिल जाने पर अन्तर्राष्ट्रीय यात्री संभावनाएं बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार को एक अग्रणी नागरिक उड्डयन केन्द्र के रूप में विकसित करना है, जिसमें सुरक्षित, निर्बाध और टिकाऊ सम्पर्क हो। राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यहां रोजगार के नये अवसर उपलब्ध होंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags