Samachar Nama
×

'हम जीत के काफी करीब थे', इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद बोले भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के कप्तान धीरज

'हम जीत के काफी करीब थे', इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद बोले भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के कप्तान धीरज
'हम जीत के काफी करीब थे', इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद बोले भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के कप्तान धीरज

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ सात मैचों की टी20 सीरीज खेलकर शुक्रवार को भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम स्वदेश लौटी। भारत ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी और सीरीज का अंत 3-4 पर किया। दौरे से लौटने के बाद कप्तान धीरज ने कहा कि टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और वह इस बार सीरीज जीतने के बेहद करीब थे।

धीरज ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा कि सीरीज काफी रोमांच रही और भारतीय टीम जीत के बेहद करीब थी।

उन्होंने कहा कि टीम और सभी खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से खुश हैं। कप्तान ने इंटरनेशनल लेवल पर सीरीज खेलने और हर तरह की सुविधाएं मिलने का श्रेय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दिया।

उन्होंने टीम मैनेजमेंट की भी प्रशंसा की। भारतीय कप्तान ने कहा कि आने वाले समय में कई बड़े टूर्नामेंट और लीग के मुकाबले होने वाले हैं और खिलाड़ी उस पर फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर भी काम करेंगे।

डिफरेंटली-एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के संस्थापक और महासचिव रवि चौहान ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि भले ही टीम सीरीज को 3-4 से गंवा बैठी, लेकिन लॉर्ड्स में टीम ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को एकतरफा अंदाज में 118 रनों से हराया। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम पिछले 7 साल से खेल रही है, जबकि भारतीय टीम ने अभी 2 साल से ही खेलना शुरू किया है और उसके हिसाब से टीम का प्रदर्शन कई गुना बेहतर रहा।

रवि चौहान ने लॉर्ड्स की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले मैदान पर जीत दर्ज करना हर खिलाड़ी का सपना होता है और भारतीय टीम ने उस ग्राउंड पर शानदार जीत हासिल की।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस टीम और खिलाड़ियों पर और मेहनत की जाएगी, ताकि भारत की यह टीम ट्रॉफी जीत सके।

लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड को सातवें टी20 मुकाबले में हराने के बाद भारतीय टीम ने टी-शर्ट को उतारकर हवा में लहराते हुए सौरव गांगुली की तरह जश्न मनाया था, जिसका वीडियो काफी वायरल भी हुआ।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story