मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले HAF की सुरक्षा एडवाइजरी, वीडियो में देंखे लोगों से सतर्क रहने की अपील
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन कार्यक्रम से पहले हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन HAF ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। HAF ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से सतर्क रहने, आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है। संगठन ने यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की है, जब कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क में विरोध की आवाजें भी उठ रही हैं।
विरोध के बीच जारी हुई एडवाइजरी
HAF के मुताबिक कुछ एक्टिविस्ट कार्यक्रम को बाधित करने और इसे रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन ने अपने सुरक्षा संदेश में लोगों से सतर्क रहने और परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने को कहा है। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले लोगों से विरोध करने वालों के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने और शांतिपूर्ण व्यवहार करने की अपील की गई है।हालांकि, HAF की एडवाइजरी में किसी आतंकी हमले या किसी विशेष हिंसक खतरे की पुष्टि नहीं की गई है। संगठन की ओर से जारी चेतावनी मुख्य रूप से कार्यक्रम के आसपास संभावित तनाव या विरोध को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह के तौर पर सामने आई है।
मेयर जोहरान ममदानी से सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों समेत सभी न्यूयॉर्कवासियों की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। HAF का कहना है कि सभी लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से अपने विचार रखने और कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार मिलना चाहिए।दरअसल, मेयर ममदानी ने भी इस कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक तौर पर अपना विरोध जताया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि कार्यक्रम एक निजी आयोजन है और शहर के पास इसे रद्द करने का अधिकार शायद नहीं है। कार्यक्रम को लेकर कुछ स्थानीय संगठनों की ओर से भी आपत्ति जताई गई है।
RSS ने कार्यक्रम को बताया समावेशी आयोजन
विवाद के बीच RSS की ओर से कार्यक्रम को लेकर कहा गया है कि यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन एक अंतरधार्मिक आयोजन है, जिसमें अलग-अलग समुदायों और पृष्ठभूमि के लोग शामिल होंगे। RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने इसे खुले संवाद, आपसी सम्मान और साझा उद्देश्य को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम बताया है।मोहन भागवत इन दिनों अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर हैं। यह दौरा RSS के शताब्दी वर्ष से जुड़े वैश्विक संपर्क कार्यक्रमों का हिस्सा है। न्यूयॉर्क में 29 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम इसी दौरे का प्रमुख पड़ाव है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह
HAF ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों से कहा है कि वे अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा अधिकारियों या कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दें। आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह भी दी गई है।फिलहाल कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस जारी है। एक तरफ समर्थक इसे संवाद और एकता का मंच बता रहे हैं, वहीं विरोध करने वाले संगठन RSS और उसके विचारों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे माहौल में सुरक्षा एजवाइजरी के बाद 29 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम और भी चर्चा में आ गया है।

