Samachar Nama
×

दिल्ली-NCR में बढ़ा H1N1 का खतरा, 2300 से ज्यादा केस सामने आए; मेडिकल एसोसिएशन ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली-NCR में बढ़ा H1N1 का खतरा, 2300 से ज्यादा केस सामने आए; मेडिकल एसोसिएशन ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली और एनसीआर में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी में इस साल अब तक 2,308 H1N1 संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही दिल्ली में इन्फ्लुएंजा ए और बी के कुल मामले 3,000 के पार पहुंच गए हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन ने लोगों से सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

बारिश और मौसम में बदलाव के बीच बढ़े मामले

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून और मौसम में बदलाव के दौरान मौसमी फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। इस साल दिल्ली में H1N1 इन्फ्लुएंजा का प्रमुख सबटाइप बना हुआ है। पिछले साल राजधानी में H3N2 प्रमुख था। लगातार बढ़ रहे मामलों के कारण अस्पतालों की तैयारियों पर भी नजर रखी जा रही है।हालांकि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी ICMR ने स्पष्ट किया है कि देश में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है। मौजूदा संक्रमण एक पहले से ज्ञात मौसमी वायरस के कारण है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।

DMA ने बताए संक्रमण से बचने के तरीके

दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन ने लोगों को खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने की सलाह दी है। नियमित रूप से हाथ धोने और बिना हाथ साफ किए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने को कहा गया है। इसके अलावा H1N1 या फ्लू जैसे लक्षणों से पीड़ित व्यक्ति से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।एसोसिएशन ने भीड़भाड़ वाली जगहों, बाजारों और सार्वजनिक परिवहन में मास्क पहनने की अपील की है। जिन लोगों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें N95 मास्क पहनने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी क्लीनिक, अस्पताल और ओपीडी में मास्क का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

बिना डॉक्टर की सलाह न लें दवा

DMA ने लोगों को खुद से एंटीबायोटिक या एंटीवायरल दवाएं लेने से बचने की सलाह दी है। फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर योग्य डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी बताया गया है। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए बीमार व्यक्ति को कुछ समय तक रिश्तेदारों, दोस्तों और अन्य लोगों से मिलने-जुलने से बचने की भी सलाह दी गई है।

अस्पतालों को भी किया गया अलर्ट

बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, दवाइयों और जरूरी मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों की स्क्रीनिंग, रिपोर्टिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि H1N1 के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्कता जरूरी है, लेकिन फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। साफ-सफाई, मास्क का इस्तेमाल, भीड़ से दूरी और समय पर डॉक्टर से सलाह लेकर संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

Share this story

Tags