ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जुटेगी "आप", लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी नेताओं ने देशवासियों और युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं तथा वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और "आप" के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के लिए देश के लोगों के वोट काटने और कथित तौर पर वोट चोरी करने की जिम्मेदारी ले रखी है। उन्होंने कहा कि आज वोट के अधिकार पर सवाल उठ रहे हैं और यदि इसे लेकर आवाज नहीं उठाई गई तो भविष्य में अन्य नागरिक अधिकार भी प्रभावित हो सकते हैं। सिसोदिया ने लोगों से 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए है। "आप" के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के नाम पर 13 करोड़ 37 लाख लोगों के नाम काटे गए हैं। संजय सिंह ने इसे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला बताया और कहा कि इन मुद्दों पर चुनाव आयोग से जवाब मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए लोग जंतर-मंतर पहुंचें और आंदोलन का हिस्सा बनें।
"आप" के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में जेन जी युवा और विभिन्न संस्थाओं के लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह रखने में चुनाव और वोट की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि यदि किसी सरकार को यह भरोसा हो जाए कि चुनाव प्रक्रिया में उसके पक्ष में गड़बड़ी की जा सकती है और वह सत्ता में बनी रहेगी, तो जनता के प्रति जवाबदेही कमजोर हो सकती है। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भीड़ में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए। "आप" की नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में नागरिकों को मिला वोट का अधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त के माध्यम से लोगों के वोट के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। आतिशी ने लोगों से 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर ही सवाल उठ रहे हों तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का भरोसा प्रभावित होता है। नारंग ने कहा कि "आप" कार्यकर्ता और समर्थक 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर एकत्र होंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

