Samachar Nama
×

ग्वालियर में पशुओं के लिए बनेगा वेलनेस सेंटर: सीएम मोहन यादव

ग्वालियर, 4 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर और डबरा के पशुओं, खासकर गायों के इलाज के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। उनके लिए ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खुलेगा। इतना ही नहीं, इस वेलनेस सेंटर में पशु आहार का निर्माण भी होगा।
ग्वालियर में पशुओं के लिए बनेगा वेलनेस सेंटर: सीएम मोहन यादव

ग्वालियर, 4 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर और डबरा के पशुओं, खासकर गायों के इलाज के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। उनके लिए ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खुलेगा। इतना ही नहीं, इस वेलनेस सेंटर में पशु आहार का निर्माण भी होगा।

ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालन सम्मेलन में सीएम मोहन यादव ने कहा कि गौ-माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। सनातन संस्कृति में सबसे बड़ी सेवा गौ-सेवा है। भगवान शिव का वाहन नंदी है। गोपाल बोलते ही भगवान श्री कृष्ण आशीर्वाद देते हैं। ग्वालियर के रग-रग में राजनीति, परमार्थ, पुरुषार्थ, वीरता, धीरता, गंभीरता बसी हुई है। इस शहर के जवान सीमा पर अपनी जान हथेली पर लेकर डंटे हुए हैं। सीमा पर जवान और खेत पर किसान दोनों बराबर हैं। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत चहुंमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है, लेकिन धीरे-धीरे करके राज्य को दूध की राजधानी बनाएंगे। हमारी सरकार गायों को सड़कों पर भटकने नहीं देगी। हम गौशालाओं को प्रति गाय 20 रुपए देते थे, अब हम 40 रुपए देंगे। हमारा कर्तव्य है गायों के लिए चारे की व्यवस्था करना, इसलिए हम बड़ी-बड़ी गौशालाएं खोल रहे हैं। ग्वालियर में 68 हजार 737 पशुपालक हैं। ग्वालियर 4 लाख से ज्यादा पशुधन की सेवा कर रहा है। यहां से 605 मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता है। यह अद्भुत क्षेत्र है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हमने गौ-एम्बुलेंस भी स्थापित की है। अगर किसी की गाय बीमार हो जाती है, वह टेलीफोन से गौ-एम्बुलेंस बुला सकता है। बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि गौमाता के भक्तों को बुलाओ तो इतनी बड़ी जीत मिल जाती है। ये आपका ही कमाल है। ये गौ-माता का आशीर्वाद है। किसान भाइयों, आप चिंता मत करना, ये आपके भाई की सरकार है। अगर हम आपकी जमीन लेंगे तो आपको 4 गुना मुआवजा देंगे। आपका गेहूं कहीं भी हो, आप बस स्लॉट बुक करें, हम 2625 रुपए क्विंटल में सारा गेहूं खरीदेंगे। कांग्रेस ने एक मुट्ठी गेहूं नहीं खरीदा था। ये लोग मजाक बनाते थे।

उन्होंने बंगाल चुनाव नतीजे की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा को बंगाल में जीत गौ-पालकों और गौ-माता के आशीर्वाद से मिली है। कई साल पहले ममता बनर्जी ने कंस की तरह घुसपैठिये बुलाकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की, लेकिन जनता ने एक पल में पूरा हिसाब चुकता कर दिया।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल पहुंचेंगे और नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे, तो बंगाल के विकास का नया कारवां शुरू होगा। इस तरह एनडीए का 22वां मुख्यमंत्री होगा। कितना खराब लगता है जब बांग्लादेश के घुसपैठिये भारत में आते हैं। दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि ये घुसपैठिये आते भी थे और वोट भी देते थे। कांग्रेस और ममता बनर्जी को शर्म नहीं आती, केवल अपनी कुर्सी के लिए, केवल अपने चुनाव के लिए, सत्ता के लिए क्या विदेशी लोगों से वोट डलवाओगे? जनता सब जानती है। मुझे इस बात की खुशी है कि जनता ने पूरा हिसाब चुकता कर दिया।

उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान जान की बाजी लगाकर देश और देशवासियों के लिए कर्तव्य पालन करते हैं। कोई घुसपैठिया आकर हमारे हक पर डाका डाले, यह हमें कभी मंजूर नहीं होगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags