Samachar Nama
×

ग्वालियर हादसे की होगी जांच और दोषियों पर कार्रवाई: सीएम मोहन यादव

ग्वालियर हादसे की होगी जांच और दोषियों पर कार्रवाई: सीएम मोहन यादव
ग्वालियर हादसे की होगी जांच और दोषियों पर कार्रवाई: सीएम मोहन यादव

ग्वालियर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ग्वालियर हादसे में घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने बेहतर उपचार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, रविवार को ग्वालियर में श्रद्धालुओं की कार एक ट्रक से टकरा गई थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। इन घायलों का उपचार जारी है। सीएम मोहन यादव ने ट्रक हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं से ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में मुलाकात की। घायलों के स्वास्थ्य और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संबंधित डॉक्टरों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को गुणवत्तापूर्ण और फ्री इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने, मरीजों के समुचित उपचार और देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि बीती रात एक घटना घटी थी। हम उस घटना में घायल हुए लोगों से मिलने यहां आए हैं। हम घायलों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के लिए तत्पर हैं और घटना की जांच के निर्देश दे दिए हैं। हर व्यक्ति की चिंता करने का काम सरकार का है। सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है। इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, लेकिन घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। हालांकि, एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags