ग्वालियर हादसा: खड़गे बोले- 'तय होनी चाहिए सरकार और प्रशासन की जवाबदेही', राहुल ने भी जताया दुख
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए दर्दनाक हादसे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है। खड़गे ने कहा कि ऐसे हादसे भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े करते हैं। सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के निकट अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राज्य सरकार से अपेक्षा है कि घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा, पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करे। साथ ही, उन्होंने कहा, "ऐसे हादसे भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े करते हैं, सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ग्वालियर की घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "ग्वालियर, मध्यप्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक के कारण हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने लिखा, "ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे लोगों के ट्रक से कुचलने की घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु और बड़ी संख्या में घायल होने की दुखद घटना से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।"
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट किया, "ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में सप्तमी की रात हुए दर्दनाक हादसे में लोगों की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन घायलों के समुचित उपचार और हादसे की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न हो।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

