Samachar Nama
×

असम: गुवाहाटी में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई घायल

असम: गुवाहाटी में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई घायल
असम: गुवाहाटी में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई घायल

गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम के गुवाहाटी में गोलीबारी की बड़ी वारदात सामने आई है। जीएस रोड पर बोरा सर्विस के पास स्थित एक होटल में अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें 6 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम कुछ अज्ञात लोग होटल में आए और वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।

शुरुआती खबरों के अनुसार, गोली लगने से मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि घायलों को तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी जीएमसीएच ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है और वाहनों की चेकिंग की जा रही है।

यह इलाका गुवाहाटी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। शाम के समय यहां काफी भीड़ रहती है। गोलीबारी की घटना के बाद दुकानें बंद हो गईं और लोग दहशत में हैं।

फिलहाल, घायलों का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags