Samachar Nama
×

गुरु गोबिंद सिंह सामाजिक भेद मिटाने के लिए आजीवन प्रतिबद्ध रहे: अमित शाह

गुरु गोबिंद सिंह सामाजिक भेद मिटाने के लिए आजीवन प्रतिबद्ध रहे: अमित शाह
गुरु गोबिंद सिंह सामाजिक भेद मिटाने के लिए आजीवन प्रतिबद्ध रहे: अमित शाह

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। गुरु गोबिंद सिंह के ज्योति ज्योत दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नमन किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब सामाजिक भेद मिटाने के लिए आजीवन प्रतिबद्ध रहे।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अधर्म और अन्याय के विरुद्ध शौर्य व पराक्रम के प्रतीक, सरबंसदानी गुरु गोबिंद सिंह के ज्योति ज्योत दिवस पर कोटि-कोटि नमन। सामाजिक भेद मिटाने के लिए आजीवन कटिबद्ध रहे गुरु साहिब ने खालसा पंथ की स्थापना कर सिख धर्म को सेवा के साथ-साथ रक्षा का सशक्त स्तंभ बनाया। पिता, माता और चारों पुत्रों का बलिदान देकर भी स्वधर्म और स्वसंस्कृति के पथ से न डिगकर उन्होंने त्याग और समर्पण का जो कीर्तिमान रचा, वह अद्वितीय है। मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले दशम गुरु का जीवन अनंतकाल तक हर पीढ़ी का मार्गदर्शन करता रहेगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि धर्म, साहस, त्याग और अदम्य शौर्य के अमर प्रतीक, सिख पंथ के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक, दशमेश पिता गुरु गोबिन्द सिंह महाराज के ज्योति-ज्योत दिवस पर उनके पावन चरणों में कोटिशः नमन। गुरु गोबिन्द सिंह का सम्पूर्ण जीवन सत्य, न्याय और धर्म की रक्षा के लिए किए गए अद्वितीय संघर्ष, असीम त्याग और सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने अपने साहस, तप और आध्यात्मिक तेज से मानवता को अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने तथा राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पित करने का मार्ग दिखाया। उनका अमर जीवन और महान विचार युगों-युगों तक मानवता को साहस, सेवा और धर्मनिष्ठा की प्रेरणा देते रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि महान धर्म-योद्धा, सिखों के दसवें गुरु, खालसा पंथ के संस्थापक, गुरु गोबिंद सिंह महाराज के पावन ज्योति ज्योत दिवस पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। धर्म की रक्षा और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित उनका पराक्रमी जीवन हम सभी को सर्वदा सत्य, सेवा और त्याग के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। उनके पवित्र विचार सर्वदा मानवता के शुभत्व व मंगल का पथ प्रशस्त करते रहेंगे।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लिखा कि खालसा पंथ के संस्थापक एवं सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के ज्योति जोत दिवस पर उन्हें कोटिश: नमन। उनका संपूर्ण जीवन धर्म, सत्य, न्याय और मानवीय गरिमा की रक्षा के लिए किए गए अद्वितीय संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने विचारों, आध्यात्मिक चेतना और अदम्य साहस से समाज को अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा दी। त्याग, तपस्या, वीरता और मानवता के प्रति समर्पण से ओतप्रोत उनका जीवन भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उनके आदर्श हमें सदैव धर्मनिष्ठा, परोपकार और कर्तव्यपालन के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते रहेंगे।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story