Samachar Nama
×

गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की संदिग्ध मौत पर अकाली दल-भाजपा ने पंजाब सरकार पर साधा निधाना

गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की संदिग्ध मौत पर अकाली दल-भाजपा ने पंजाब सरकार पर साधा निधाना
गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की संदिग्ध मौत पर अकाली दल-भाजपा ने पंजाब सरकार पर साधा निधाना

चंडीगढ़, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक पुलिसकर्मी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दलों ने कहा कि भगवंत मान के राज में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। पंजाब आज देश का क्राइम कैप्टल बन चुका है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की संदिग्ध मौत बेहद चिंता का विषय है। अधिकारी का शव गुरदासपुर में मान कौर बाईपास के पास मिला है, जबकि उनके परिवार का आरोप है कि उनकी गोली मारकर हत्या की गई है। इस भारी दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। पीड़ित परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।"

सुखबीर बादल ने लिखा, "हाल के महीनों में कई पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है। यह बेहद निराशाजनक है कि पंजाब में ऐसी दुखद घटनाएं अब आम बात हो गई हैं। ऐसी घटनाओं को बार-बार उठाना और सरकार से इन मामलों पर ध्यान देने की अपील करने का कोई मतलब नहीं रह गया है, क्योंकि आए दिन हम अपने अधिकारियों को खो रहे हैं। हर पंजाबी यही चाहता है कि इस सरकार को जल्द से जल्द सत्ता से हटाया जाए। हम लगातार कीमती जानें खो रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि भगवंत मान के राज में व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, खासकर पंजाब के सीमावर्ती जिलों में। कानून का डर खत्म हो गया है। अधिकारी बस यही दोहराते रहते हैं कि 'जांच चल रही है', लेकिन ये हत्याएं कब रुकेंगी? पंजाब को पूरी तरह से बर्बादी की कगार पर धकेलने वाली इस सरकार ने शासन करने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है। इसे जल्द से जल्द सत्ता से जाना चाहिए और पंजाब को उस दिन का बेसब्री से इंतजार है।

राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता तरुण चुघ ने पोस्ट किया, "पंजाब आज देश का क्राइम कैप्टल बन चुका है, जहां कोई भी व्यक्ति सेफ नहीं है। हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की बर्बर हत्या ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। खून से लथपथ और गोलियों से छलनी उनका शव यह साबित करता है कि पंजाब में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकल चुका है। जब राज्य के रक्षक ही अपराधियों के आसान शिकार बन रहे हों, तो आम जनता की सुरक्षा केवल एक छलावा है।"

उन्होंने आगे लिखा, "भगवंत मान सरकार के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यह प्रशासनिक तंत्र की घोर नाकामी और आम आदमी पार्टी सरकार की अक्षम्य आपराधिक लापरवाही का सीधा प्रमाण है।"

अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने पोस्ट में कहा, "जब पुलिस वाला ही सुरक्षित नहीं है, तो आम पंजाबी कैसे सुरक्षित रहेगा? इससे पहले भी कितने पुलिस मुलाजिमों को गोलियां मारकर कत्ल किया जा चुका है? गुरु दोखी भगवंत मान के राज में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पड़ते जिलों में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है, लगता है कानून का खौफ खत्म हो चुका है। अधिकारियों का रटा-रटाया जवाब- 'जांच हो रही है', पर सवाल ये है कि पंजाब में कत्ल कब रुकेंगे?"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story