Samachar Nama
×

गुना में ट्रक से 3 करोड़ रुपए का डोडा चूरा जब्त, एस्कॉर्ट कर रही कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

गुना में ट्रक से 3 करोड़ रुपए का डोडा चूरा जब्त, एस्कॉर्ट कर रही कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
गुना में ट्रक से 3 करोड़ रुपए का डोडा चूरा जब्त, एस्कॉर्ट कर रही कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

भोपाल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के गुना में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 क्विंटल डोडा चूरा (पोस्ता भूसी) से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। जब्त किए गए डोडा चूरे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

इस कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा भी सामने आया। गुना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हुंडई वर्ना कार की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई है। इस हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब तीन से चार साल का एक बच्चा घायल हो गया। बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एएसपी ने बताया कि हादसे के कुछ ही आगे वही वर्ना कार एक अन्य व्यक्ति से भी टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, उस समय नारकोटिक्स विभाग की टीम एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रही थी, जो पहले से उनकी निगरानी में था। जांच में पता चला कि हादसे का शिकार हुई हुंडई वर्ना कार उसी ट्रक को एस्कॉर्ट कर रही थी। जब ट्रक और कार पुलिस व नारकोटिक्स टीम से बचकर भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया।

फिलहाल नारकोटिक्स विभाग की टीम पूरे मामले में पूछताछ कर रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस और नारकोटिक्स विभाग संयुक्त रूप से मामले की गहन जांच में जुटे हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी

Share this story

Tags