Samachar Nama
×

गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नमो ड्रोन दीदी के साथ उड़ाया ड्रोन

गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नमो ड्रोन दीदी के साथ उड़ाया ड्रोन
गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नमो ड्रोन दीदी के साथ उड़ाया ड्रोन

गुना, 18 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र गुना के प्रवास पर हैं। वे बरखेड़ा गिर्द में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में पहुंचे, जहां उन्होंने नमो ड्रोन दीदी किरण के साथ ड्रोन उड़ाया।

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव तक पहुंचाते हैं। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया बरखेड़ा गिर्द गांव में पहुंचे, जहां किरण ने ड्रोन संचालन की तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने उनकी कार्यकुशलता, आत्मविश्वास एवं तकनीक के प्रति सजगता की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

नमो ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का प्रभावी उपयोग कर नई संभावनाओं का सृजन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास तथा आधुनिक तकनीक के विस्तार को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। नमो ड्रोन दीदियां आत्मनिर्भरता, नवाचार और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल बन रही हैं।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किरण के आत्मविश्वास की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा आधुनिक तकनीक को सहजता से अपनाना बदलते भारत की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags