Samachar Nama
×

गुजराती संगीत जगत के मशहूर संगीतकार गौरंग व्यास के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

गुजराती संगीत जगत के मशहूर संगीतकार गौरंग व्यास के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख
गुजराती संगीत जगत के मशहूर संगीतकार गौरंग व्यास के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। गुजराती सिनेमा और संगीत में अमूल्य योगदान देने वाले गौरांग व्यास का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा गया, "गुजराती संगीत जगत के मशहूर संगीतकार गौरंग व्यास के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। अपने पिता अविनाश व्यास की समृद्ध संगीत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने गुजराती संगीत के क्षेत्र में अपनी एक खास पहचान बनाई थी। उनके निधन से गुजरात ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। गुजराती संगीत में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना और उनके शोकाकुल परिवार तथा बड़ी संख्या में मौजूद उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना, ओम शांति...!!"

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "प्रख्यात संगीतकार गौरांग व्यास के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। गुजराती संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ओम शांति।"

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "गुजराती संगीत जगत के मशहूर संगीतकार गौरंग व्यास जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। गुजराती सिनेमा, हल्के-फुल्के संगीत और लोक संगीत के क्षेत्रों में उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। संगीत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने जो मनमोहक धुनें रचीं, वे संगीत प्रेमियों के दिलों में हमेशा बसी रहेंगी। उनके निधन से गुजरात की कला और संगीत की दुनिया को एक ऐसी क्षति हुई है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार के सदस्यों तथा अनगिनत प्रशंसकों को इस सदमे को सहने की शक्ति दें।"

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "गुजराती संगीत जगत में संगीतकार और गायक के तौर पर एक बड़ी हस्ती रहे श्री गौरंग व्यास जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। गुजराती सिनेमा, लोक संगीत और हल्के-फुल्के संगीत में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार के सदस्यों व शुभचिंतकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।"

गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने लिखा, "गुजराती सिनेमा और सुगम संगीत को अपनी मधुर और यादगार रचनाओं से समृद्ध करने वाले मशहूर संगीतकार श्री गौरंग व्यास जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उनकी संगीत रचनाएं पीढ़ियों तक गूँजती रहेंगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति!"

जामनगर उत्तर से भाजपा विधायक रिवाबा जडेजा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "गुजराती संगीत के जाने-माने संगीतकार श्री गौरंग व्यास जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उनका संगीत के प्रति समर्पण और उनकी अमूल्य रचनाएं गुजराती कला की दुनिया में हमेशा जीवित रहेंगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्राप्त हो।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags