गुजरात: वापी में महिला की हत्या के मामले में पुलिस का खुलासा, पति निकला कातिल, हुई गिरफ्तारी
वलसाड, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात की औद्योगिक नगरी वापी के छरवाड़ा इलाके में सरेआम हुई एक युवती की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस मामले में डुंगरा पुलिस ने कुछ ही समय में युवती की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। हालांकि, युवती की हत्या करने वाला आरोपी सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।
वापी के छरवाड़ा इलाके की संस्कार सोसायटी में कुछ दिन पहले शाम के समय एक युवती की सोसायटी में ही बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सीमा नाम की यह युवती ब्यूटी पार्लर चलाती थी और अपने घर से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान जैसे ही वह अपनी सोसायटी की बिल्डिंग के नीचे पहुंची, तभी एक युवक ने चाकू जैसे धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया और सरेआम उसकी हत्या कर दी।
दिनदहाड़े सोसायटी में हुई हत्या की इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वापी की डुंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के बाद फरार हो रहे आरोपी परेश कंटारिया को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस उपाधीक्षक बी.एम. दवे ने मीडिया को बताया कि आरोपी परेश कंटारिया मृतक युवती सीमा का पति था। दोनों की कुछ वर्ष पहले शादी हुई थी। परेश और सीमा ने प्रेम विवाह किया था और दोनों का एक बच्चा भी है।
हालांकि, पिछले चार वर्षों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। आरोपी पति ने पहले भी मारने का प्रयास किया था, जिसमें पहले भी एक एफआईआर दर्ज हुई थी और आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के बीच विवाद चल रहा था, इस कारण दोनों अलग-अलग रहते थे। सीमा अपने पति परेश कंटारिया से अलग होकर साईं संस्कार सोसायटी में रह रही थी। उधर, मामला कोर्ट में भी विचाराधीन था।
कोर्ट में चल रहे मामले के दौरान सीमा ने अपने पति परेश कंटारिया से भरण-पोषण के लिए बड़ी रकम की मांग भी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और झगड़ा होता था और पारिवारिक कलह भी चल रही थी।
उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन परेश कंटारिया सीमा के घर आया था। दोनों के बीच कोर्ट में चल रहे मामले को लेकर तीखी बहस हुई। इसी दौरान गुस्से में आए परेश कंटारिया ने चाकू जैसे धारदार हथियार से सोसायटी के बीचों-बीच दिनदहाड़े अपनी पत्नी की हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

