Gujarat Crime: 2 साल के बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हत्या छिपाने के लिए दफनाया शव; पिता गिरफ्तार
गुजरात के वाव-थराद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपने ही दो साल के बेटे को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे को बोझ मानता था। घटना 13 अक्टूबर को सुईगाम तालुका के रावलवास इलाके में हुई। पुलिस ने आरोपी अशोक जीताभाई रावल को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के मायके जाने के बाद बेटे के साथ रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, अशोक रावल की पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और वह पिछले तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान अशोक अपने बेटे नवघन के साथ अकेला रह रहा था। बताया गया है कि उसे बच्चे की देखभाल करने में परेशानी हो रही थी। आरोप है कि 13 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे उसने बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
अस्पताल लेकर पहुंचा, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बच्चे को आग लगाने के बाद आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सच्चाई छिपाने के इरादे से आरोपी ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर बच्चे के शव को सामुदायिक श्मशान घाट में दफना दिया।
चाचा की शिकायत पर खुला मामला
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी के चाचा बाबूभाई लखमनभाई रावल ने सुईगाम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने श्मशान घाट से बच्चे का शव बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अशोक ने अपने बेटे की हत्या करने की बात कबूल की है।
FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में घटनाक्रम और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

