गृह मंत्री शाह सोमवार को अहमदाबाद में इस्कॉन-साणंद एलिवेटेड कॉरिडोर का करेंगे उद्घाटन
अहमदाबाद, 8 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद में इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी तक बने छह लेन के एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन किया जाएगा। 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस कॉरिडोर के खुलने से एसजी हाईवे पर यातायात का दबाव कम होने और रोजाना करीब दो लाख वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गृह मंत्री अमित शाह अपने वार्षिक दिवाली दौरे पर गुजरात पहुंच रहे हैं। इस दौरान अहमदाबाद और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी तक बना एलिवेटेड कॉरिडोर एसजी हाईवे के सबसे व्यस्त हिस्सों में यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस परियोजना का निर्माण कराया है। दो साल से अधिक समय तक चले निर्माण कार्य के बाद कॉरिडोर अब पूरा हो चुका है और इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
इस कॉरिडोर के शुरू होने से अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच आवागमन पहले की तुलना में आसान और तेज होने की उम्मीद है। खासकर एसजी हाईवे पर इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। सौराष्ट्र की ओर से उजाला सर्कल के रास्ते गांधीनगर जाने वाले लोगों को भी इस परियोजना का लाभ मिलेगा।
कॉरिडोर में दोनों ओर तीन-तीन रैंप बनाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को आवागमन के लिए बेहतर सुविधा मिल सके और हाईवे पर यातायात का प्रवाह सुचारू बना रहे।
अमित शाह के दौरे के दौरान एलिवेटेड कॉरिडोर के अलावा अहमदाबाद नगर निगम, राज्य सरकार और केंद्र सरकार की कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी। इस दौरान 700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 364 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास होगा।
कार्यक्रम में अहमदाबाद नगर निगम की 27 परियोजनाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विकास कार्य भी शामिल हैं।
--आईएएनएस
डीएससी

