Samachar Nama
×

गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे पर कांग्रेस का हमला, औजला बोले-जख्म देखने नहीं, मरहम लगाकर आइए

गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे पर कांग्रेस का हमला, औजला बोले-जख्म देखने नहीं, मरहम लगाकर आइए
गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे पर कांग्रेस का हमला, औजला बोले-जख्म देखने नहीं, मरहम लगाकर आइए

चिंतपूर्णी, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में माता चिंतपूर्णी के दरबार में मत्था टेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा, "आज हमारे लिए बहुत शुभ दिन है क्योंकि हमने माता चिंतपूर्णी के दरबार में मत्था टेका है। आज नवरात्रि का आखिरी दिन भी है और कंजक पूजा की जा रही है। इस शुभ अवसर पर हमने सभी की भलाई के लिए प्रार्थना की है और माता से कामना की है कि वह सबकी मनोकामनाएं पूरी करें।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वालों के परिजनों से मुलाकात पर सवाल उठाते हुए सांसद औजला ने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि जो लोग आकर स्थिति का जायजा लेना चाहते हैं, उन्हें अपनी खुफिया एजेंसियों के माध्यम से पहले से ही पता होता है कि वहां प्रतिदिन क्या हो रहा है। सीमा महज 50 किलोमीटर दूर है, फिर भी वहां से ड्रोन, ड्रग्स और नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है और पुलिस पर हमले हो रहे हैं। क्या उन्हें इन सब बातों की जानकारी नहीं है? हमारे जख्म देखने मत आइए, अगर मरहम लगानी है तो मरहम लगाकर आइए।"

उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात कभी बहुत अच्छे हुआ करते थे लेकिन आज स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने देवी मां से प्रार्थना की है कि पंजाब के पुराने अच्छे दिन वापस लौटें।

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने भी गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, "अगर देश के गृह मंत्री केवल राजनीति करने के लिए पंजाब आ रहे हैं तो यह ठीक नहीं है। अगर उन्हें पंजाब के हालातों के बारे में पता नहीं है, तो उन्हें गृह मंत्री के पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। और अगर उन्हें पता है, तो सवाल उठता है कि क्या जानबूझकर पंजाब को खराब किया जा रहा है? यह पंजाबियों को सोचने की जरूरत है कि उनके साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है।"

परगट सिंह ने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा देश के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां दी हैं। गुरुओं, पीरों और माताओं की शिक्षा ही पंजाब की फिलॉसफी है। उन्होंने कहा, "हम कुछ नहीं चाहते, सिर्फ प्यार चाहते हैं। पंजाबी से प्यार से कुछ भी करवाया जा सकता है, लेकिन अगर डंडा चलाया जाएगा तो पंजाबी कभी नहीं मानेगा।"

पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार वेरका ने कहा कि पंजाब आज दो बड़ी समस्याओं से जूझ रहा है - ड्रग्स की समस्या और गैंगस्टरों का आतंक। उन्होंने कहा, "पंजाब ने बहुत कुछ सहा है। आज बहुत ही पवित्र दिन है और हम सब माता रानी के चरणों में पंजाब की रक्षा के लिए प्रार्थना करने आए हैं ताकि बर्बादी की ओर बढ़ रहे पंजाब को फिर से संवारा जा सके।"

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "जिनके जुल्म से जनता हर बस्ती, हर गांव में दुखी है, वो अगर दया और धर्म की बात करें तो यह शोभा नहीं देता। उन्हीं के कारण सीमा पार से ड्रग्स और हथियार आ रहे हैं। आज पंजाब में बैठकर बात करने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि कमी कहां है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story