ग्रेटर नोएडा: शाहबेरी की फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, दम घुटने से युवक की मौत, एक की हालत गंभीर
ग्रेटर नोएडा, 14 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात एक लकड़ी कटिंग की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर मौजूद दो युवक धुएं और आग के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13-14 अगस्त की रात शाहबेरी में सीएनसी मशीन से लकड़ी कटिंग करने वाली एक दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट तथा स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुकान के अंदर दो लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद दमकल कर्मियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
फायर सर्विस यूनिट ने दुकान के अंदर से अल्तमस और अमन नाम के दो युवकों को मूर्छित अवस्था में बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमन की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी दुकान धुएं और लपटों से भर गई। लकड़ी और फर्नीचर से जुड़ी सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया और आसपास की दुकानों में आग फैलने से रोक लिया।
राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया। शाहबेरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में फर्नीचर की दुकानें और लकड़ी से जुड़े कारोबार संचालित होते हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जाते रहे हैं कि यहां सैकड़ों की संख्या में फर्नीचर की दुकानें और वर्कशॉप अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। इन दुकानों में लकड़ी, प्लाईवुड, फोम और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में रखा जाता है। ऐसे में आग की घटनाओं के दौरान जान-माल के बड़े नुकसान का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद एक बार फिर शाहबेरी में संचालित फर्नीचर दुकानों और लकड़ी कटिंग की इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच बड़ी संख्या में दुकानें संचालित होने के कारण आपात स्थिति में दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दुकान के संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीसीएच

